Azamgarh News:एसआई हरिकेश राय की चेकिंग में 23.411 किलो गांजा बरामद, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ट्रॉली बैग खुला तो मचा हड़कंप!
एसआई हरिकेश राय की चेकिंग में 23.411 किलो गांजा बरामद, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद की बिलरियागंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। उपनिरीक्षक हरिकेश राय के नेतृत्व में जैगहा बाजार में हुई चेकिंग के दौरान दो ट्रॉली बैग लेकर पैदल जा रहे दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में दोनों ट्रॉली बैगों से प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 23 बंडल गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 23.411 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को एसआई हरिकेश राय पुलिस टीम के साथ जैगहा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हारीपुर मोड़ की ओर से दो महिलाएं और एक व्यक्ति दो ट्रॉली बैग लेकर पैदल गुलवा गौरी पुलिया नहर की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने मस्जिद की आड़ में घेराबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखी।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिये के तीन लोग ट्रॉली बैग लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जिला गाजीपुर और पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ट्रॉली बैग में गांजा होने की जानकारी दी। एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों से अवगत कराने के बाद क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी को सूचना दी गई। उनकी मौजूदगी में दोनों ट्रॉली बैगों की तलाशी कराई गई।
राजाबाबू सिंह के बैग से 12 बंडल गांजा, वजन 12.224 किलो, जबकि दोनों महिलाओं के पास मिले दूसरे ट्रॉली बैग से 11 बंडल, वजन 11.187 किलो बरामद हुआ। इस तरह कुल 23.411 किलो गांजा पुलिस के हाथ लगा।
किसे पहुंचानी थी खेप, जांच में जुटी पुलिस
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा उन्हें किसी स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले रुपये मिलने थे। हालांकि, पुलिस के अनुसार वे कथित व्यापारी अथवा खरीदार के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। अब पुलिस बरामद गांजे की खेप के स्रोत और संभावित खरीदार तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों ट्रॉली बैगों को सील कर नमूना मोहर तैयार की। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और नकदी बरामद होने की भी जानकारी दी गई है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। तीनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में एसआई हरिकेश राय की मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्रवाई, घेराबंदी और टीम के समन्वय ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।




