Azamgarh News:दलसिंगार यादव की विरासत को आगे बढ़ा रहे दिनेश यादव : अजय राय

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

दलसिंगार यादव की विरासत को आगे बढ़ा रहे दिनेश यादव : अजय राय

पुण्यतिथि समारोह में उमड़ी कांग्रेसजनों की भीड़, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने अर्पित की श्रद्धांजलि; ग्रामीण पत्रकारों के योगदान की सराहना

आजमगढ़ जनपद के महराजगंज कस्बा में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व. दलसिंगार यादव की पुण्यतिथि पर गुरुवार को महराजगंज में श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने स्व. दलसिंगार यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया। इस दौरान माहौल भावुक हो उठा और उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

अजय राय ने कहा कि स्व. दलसिंगार यादव ने आजमगढ़ की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और क्षेत्र के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और लोगों से उनका आत्मीय जुड़ाव आज भी कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि दिनेश यादव अपने पिता स्व. दलसिंगार यादव की विरासत, विचारों और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि स्व. दलसिंगार यादव ने राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना, बल्कि समाज और आम लोगों की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष किया। यही कारण है कि उनकी पुण्यतिथि पर आज भी बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धा से याद करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि वह जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का असर आम जनता पर पड़ रहा है और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता है।

 

ग्रामीण पत्रकारों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण

 

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अजय राय ने ग्रामीण पत्रकारों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले पत्रकार गांव-कस्बों की समस्याओं को सामने लाने तथा आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अवैतनिक पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से समझने और उनके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस दिशा में आवश्यक पहल करने का प्रयास किया जाएगा।

आगामी चुनाव की रणनीति और टिकट वितरण को लेकर पूछे गए सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रत्याशियों का चयन और टिकट वितरण कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. दलसिंगार यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, संघर्ष और जनसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह में स्व. दलसिंगार यादव की स्मृतियां और उनके साथ जुड़े संस्मरण चर्चा का विषय रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button