Azamgarh news :सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

गांव की समस्या, गांव में समाधान हेतु आयोजित हुआ ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद
महायज्ञ, ग्राम चौपाल, रोजगार मेला, प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को दिया गया बढ़ावा
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न जनभागीदारी एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल के पर्यवेक्षण में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ ही उन्हें राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाओं का आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के क्रम में हनुमान मंदिर गढ़वा में महायज्ञ एवं प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्र कल्याण, शांति एवं विकसित भारत-2047 के संकल्प की सिद्धि के लिए महायज्ञ एवं विशेष अनुष्ठान संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक सद्भाव एवं जनकल्याण के लिए सामूहिक रूप से सहभागिता की।
ग्राम चौपाल के माध्यम से गांव की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान
जनपद के समस्त विकास खण्डों के विभिन्न ग्रामों में ग्राम चौपाल एवं सीधा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। चौपालों में ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान की कार्रवाई की गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने, योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेने तथा ग्रामीणों से सीधे फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त करने पर विशेष जोर दिया गया। इस पहल का उद्देश्य शासन की योजनाओं को गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
विद्यार्थियों के बीच आयोजित हुईं विविध प्रतियोगिताएं
श्रम विभाग द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय एवं विहान आवासीय बालिका विद्यालय में छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं की थीम ‘विकसित भारत-2047’ पर आधारित रही। विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी एवं विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति जागरूक करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।
हुनरमंद युवाओं के लिए आपरेंटिस रोजगार मेला
‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, आजमगढ़ में आपरेंटिस रोजगार मेले’’ का आयोजन किया गया। मेले में युवाओं को विभिन्न रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसके माध्यम से तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उद्योगों से जुड़ने तथा रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया।
विकास प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
हरिऔध कला केन्द्र के प्रांगण में आयोजित विकास प्रदर्शनी में सूचना विभाग द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन करने आए जनमानस को केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। आमजन को योजनाओं के उद्देश्य एवं उनसे मिलने वाले लाभ के संबंध में जागरूक किया गया। इस दौरान केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की योजना पुस्तिकाओं तथा मोदी-योगी पर आधारित पुस्तकों का वितरण भी किया गया। इसके माध्यम से नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य से जोड़ने का प्रयास किया गया।
मेरे सपनों का भारत के माध्यम से विद्यार्थियों ने व्यक्त किए विचार
मेरे सपनों का भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपनी सोच एवं सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।
स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
‘सेवा मेरा योगदान’ के क्रम में जनपद में स्वच्छता, श्रमदान, महिला स्वास्थ्य, फिट इंडिया एवं सड़क सुरक्षा सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन विविध कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी, जनसंवाद, जनसेवा एवं जनजागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को विकास की प्रक्रिया से जोड़ते हुए ’विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।



