आजमगढ़:सऊदी अरब में सोते समय क्रेन चालक की मौत,शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम

Azamgarh: Crane driver dies while sleeping in Saudi Arabia, chaos erupts as body reaches home

गंभीरपुर/आजमगढ़। थाना गंभीरपुर क्षेत्र के सिंघड़ा गांव में शनिवार की सुबह सऊदी अरब से 40 वर्षीय चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव देखते ही माता, पत्नी और बच्चों समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार सिंघड़ा गांव निवासी चंद्रिका यादव उर्फ राजेश यादव (40) पुत्र विजई यादव सऊदी अरब के रियाद में रहकर क्रेन चलाने का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक 12 सितंबर की शाम वह रोज की तरह ड्यूटी से लौटे। खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। सोते समय ही अचानक उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन शव को भारत लाने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई में जुट गए।

कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद हवाई मार्ग से शव को दिल्ली लाया गया। इसके बाद वाहन से शनिवार की सुबह शव सिंघड़ा स्थित पैतृक आवास पहुंचा। शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पत्नी रेनू यादव,मां लालती यादव और बच्चों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।बताया गया कि चंद्रिका यादव दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र सक्षम और किशन और दो पुत्रियां सेजल और साक्षी हैं। किसी की भी शादी नहीं हुई है।कमाने के लिए विदेश गए चंद्रिका की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button