जौनपुर में जमीनी विवाद में खूनी खेल: बेटे ने मां-बहन पर कुल्हाड़ी से किया हमला, दोनों की मौत
Bloody game in Jaunpur land dispute: Son attacks mother and sister with axe, both die
जौनपुर।नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार को जमीनी विवाद को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई। आरोप है कि जमीन के विवाद के दौरान भूपेंद्र पटेल पुत्र स्वर्गीय राजपत्ति ने अपनी सगी बहन गौरी (32) और मां शीतला देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद के दौरान कथित रूप से भूपेंद्र ने अपनी मां और बहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही सर्किल के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया जमीन विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, वारदात की वास्तविक वजह और घटना के अन्य पहलुओं की स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



