Azamgarh news :सेवा संकल्प अभियान के तहत सिधारी एवं चौक लेबर अड्डे पर आयोजित हुआ श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर

सेवा संकल्प अभियान के तहत सिधारी एवं चौक लेबर अड्डे पर आयोजित हुआ श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर

500 से अधिक श्रमिकों का हुआ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 50 श्रमिकों को वितरित किए गए आयुष्मान गोल्डन कार्ड

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

“सेवा संकल्प अभियान” (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में सिधारी लेबर अड्डा एवं चौक लेबर अड्डा पर श्रमिकों के लिए ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया गया। चिकित्सा विभाग एवं श्रम विभाग के समन्वय से आयोजित शिविर में प्रातः 07 बजे से श्रमिकों का निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें बीपी, शुगर एवं बीएमआई की जांच के साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु आवश्यक सुझाव एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण किया गया। दोनों शिविरों में 500 से अधिक श्रमिकों ने सहभागिता की।

श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर के दौरान 50 श्रमिकों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। साथ ही उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के 15 लाभार्थियों को हितलाभ स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। लाभार्थी श्रमिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए विभाग एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सहायक श्रमायुक्त आजमगढ़ पवन कुमार ने उपस्थित श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र श्रमिकों से अपील की कि जिन श्रमिकों का अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपना पंजीयन कराएं, ताकि उन्हें बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

शिविर में श्रमिकों को ‘लेबर चौक ऐप’ के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा लगभग 50 श्रमिकों को ऐप से जोड़ा गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी मो. नजरे आलम ने श्रमिकों को विभिन्न श्रम अधिनियमों एवं उनके अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

इसी क्रम में चौक लेबर अड्डे पर भी प्रातः 07 बजे से श्रमिकों का बीपी, शुगर एवं बीएमआई परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी रोहित प्रताप द्वारा श्रमिकों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

जनपद में आयोजित दोनों स्वास्थ्य शिविरों का उप श्रम आयुक्त, आजमगढ़ क्षेत्र, आजमगढ़ राजीव कुमार सिंह द्वारा प्रतिभाग कर निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपस्थित श्रमिकों एवं जनसामान्य को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों से अपना पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, अटल आवासीय विद्यालय योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत नामांकन एवं पंजीयन की कार्यवाही भी की जा रही है।

उप श्रम आयुक्त ने बताया कि आजमगढ़ मंडल में लगभग 07 लाख निर्माण श्रमिक पंजीकृत हैं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंडल के तीनों जनपदों—आजमगढ़, मऊ एवं बलिया—के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जिला प्रशासन के निर्देशन में समय-समय पर लेबर चौराहों एवं प्रतिष्ठानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक पात्र श्रमिक विभागीय योजनाओं से जुड़कर उनका लाभ प्राप्त कर सकें।

शिविर में डॉ. उमाशंकर पाण्डेय (एसीएमओ), मो. नजरे आलम, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, डॉ. शारिक वदूद, छोटे लाल चौहान, गुफरान उल्ला, अमन मोदनवाल, संदीप कुमार विश्वकर्मा, सूरज कुमार वर्मा, विनोद कुमार, अमरजीत सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। चौक लेबर अड्डे पर आयोजित शिविर में डॉ. हरेन्द्र यादव, डॉ. लता राय, अनुपम श्रीवास्तव, श्रीमती छाया राय, अखिलेश यादव, अनुभव कुमार तिवारी, श्रीकान्त राम एवं जयजय राम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button