Azamgarh News:सघन वाहन चेकिंग से मचा हड़कंप, रास्ता बदलकर निकलते दिखे चालक

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सघन वाहन चेकिंग से मचा हड़कंप, रास्ता बदलकर निकलते दिखे चालक
हेलमेट, सीट बेल्ट से लेकर वाहनों की डिग्गी और डैशबोर्ड तक हुई जांच, ऑटो में ओवरलोड सवारियों पर भी नजर
आजमगढ़ जनपद में मंगलवार की शाम बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पुलिस के सघन वाहन चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचकर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की।
चेकिंग के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट के संबंध में जांच की गई। पुलिस टीम ने चारपहिया वाहनों की डिग्गी और डैशबोर्ड की भी निगरानी की। वहीं ऑटो रिक्शा में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने यानी ओवरलोडिंग की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
इस दौरान थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि दोबारा यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अचानक हुई सघन चेकिंग से मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति रही। कई वाहन चालक पुलिस की चेकिंग देखकर रास्ता बदलकर निकलते हुए भी नजर आए। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों में कार्रवाई का संदेश भी पहुंचा।
थाना प्रभारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।



