Azamgarh News:मंडलीय जिला चिकित्सालय में सीएमओ ने प्रमुख अधीक्षक के साथ किया औचक निरीक्षण

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
मंडलीय जिला चिकित्सालय में सीएमओ ने प्रमुख अधीक्षक के साथ किया औचक निरीक्षण
जांच सेवाओं में किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी न हो, सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश
आजमगढ़। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने प्रमुख अधीक्षक डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया के साथ मंडलीय जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं एवं मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने विभिन्न विभागों एवं जांच केंद्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मरीजों को समयबद्ध एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक्स-रे जांच की व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान पाया गया कि मरीजों के सामान्य एक्स-रे किए जा रहे हैं। सीएमओ ने निर्देशित किया कि जांच के लिए अस्पताल आने वाले मरीजों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकना पड़े तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनकी जांच समय से सुनिश्चित की जाए।
सीटी स्कैन सेवा के निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि अस्पताल की विभागीय सीटी स्कैन मशीन से रिपोर्टिंग विशेषज्ञ चिकित्सक (रेडियोलॉजिस्ट) की उपलब्धता से संबंधित समस्या के कारण सेवा प्रभावित हो रही है। वहीं पीपीपी मॉडल के अंतर्गत संचालित सीटी स्कैन केंद्र पर मरीजों की जांच नियमित रूप से की जा रही है। मरीजों की संख्या एवं कार्यभार को देखते हुए सीएमओ ने पीपीपी केंद्र के संचालक एवं संबंधित स्टाफ को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद मरीज की सीटी स्कैन जांच नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। संबंधित स्टाफ द्वारा बताया गया कि अधिक कार्यभार होने की स्थिति में अतिरिक्त समय देकर देर शाम तक जांच की जा रही है, ताकि मरीजों को जांच के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
अल्ट्रासाउंड सेवा के निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सक की उपलब्धता से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों की भी जानकारी ली गई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा मरीजों एवं तीमारदारों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सामान्य पाई गई। हालांकि मरीजों एवं उनके तीमारदारों के बैठने के लिए उपलब्ध कुर्सियों तथा शेड आदि की व्यवस्था में कमी सामने आई। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्रमुख अधीक्षक को तत्काल अतिरिक्त कुर्सियां/सीटर लगवाने तथा मरीजों एवं तीमारदारों के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मंडलीय जिला चिकित्सालय जनपद की प्रमुख चिकित्सा संस्था है और यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी मरीज को जांच अथवा उपचार के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध जांच एवं उपचार सुविधाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा जहां किसी स्तर पर व्यावहारिक कठिनाई अथवा संसाधन संबंधी समस्या है, उसकी जानकारी तत्काल उच्च स्तर पर उपलब्ध कराते हुए समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा, असुविधा अथवा भटकाव की स्थिति का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का वास्तविक मूल्यांकन मरीजों को मिलने वाली सुविधा से होता है। इसलिए चिकित्सालय की प्रत्येक व्यवस्था में मरीज की सुविधा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।



