Jabalpur news:आठ दिन से पानी की किल्लत, कांग्रेस ने महापौर को भेंट की सूखी नल की टोंटी
टैंकर व्यवस्था नहीं होने का आरोप, यूथ कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
Jabalpur news,
जबलपुर। शहर में कई दिनों से बाधित पेयजल आपूर्ति को लेकर सोमवार को युवक कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल ने सोनू कुकरेले के नेतृत्व में नगर निगम का घेराव किया और महापौर अनु सिंह को सांकेतिक रूप से सूखी नल की टोंटी भेंट कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नर्मदा किनारे बसे जबलपुर में भी त्रिमूर्ति नगर, कृष्णानगर और दमोहना सहित कई क्षेत्रों में आठ दिन से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से पर्याप्त टैंकर व्यवस्था नहीं की गई और अधिकारियों के फोन तक नहीं उठ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर करोड़ों के बजट और आर्थिक विकास की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों के घरों में नलों से पानी की जगह हवा आ रही है। उन्होंने महापौर से तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल कराने और प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर भेजने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो युवक कांग्रेस और कांग्रेस आमजन के साथ उग्र आंदोलन करेगी।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



