Azamgarh accident:अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

बरम बाबा के सामने हुआ हादसा, टक्कर मारने के बाद नहर के रास्ते फरार हुआ चालक; एक युवक 15 दिन पहले मुंबई से आया था घर

ठेकमा, आजमगढ़। जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर बरम बाबा के सामने रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान चौकी ग्राम निवासी नागेंद्र (48) पुत्र पुरुषोत्तम और प्रदीप गौड़ (38) पुत्र हरिलाल के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों एक ही बाइक से बरदह बाजार सामान खरीदने गए थे। वहां से घर लौटते समय बरम बाबा के सामने विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर नहर के रास्ते फरार हो गया।

 

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नागेंद्र पेंटर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी शकुंतला, दो बेटियां और एक बेटा हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं प्रदीप गौड़ मुंबई के भिवंडी में रहकर सब्जी बेचने का काम करते थे। वह करीब 15 दिन पहले ही मुंबई से अपने घर चौकी आए थे। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। हादसे में दोनों की मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button