Azamgarh news :यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आजमगढ़ के ओडीओपी-ओडीओसी उत्पादों की धूम

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आजमगढ़ के ओडीओपी-ओडीओसी उत्पादों की धूम

रेशमी साड़ी की कारीगरी ने देशी-विदेशी खरीदारों को किया आकर्षित, ब्लैक पॉटरी को जापान से मिला बड़ा ऑर्डर

लौंगलता की मिठास ने भी बटोरी वाहवाही, ट्रेड मेले में 7 उद्यमियों ने किया सफल प्रतिभाग

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

ग्रेटर नोएडा में आयोजित पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन में जनपद आजमगढ़ के एक जनपद एक उत्पाद एवं एक जनपद एक व्यंजन से जुड़े उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए जनपद के पारंपरिक उत्पादों की विशिष्टता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। ट्रेड शो में आजमगढ़ की रेशमी साड़ी, ब्लैक पॉटरी एवं लौंगलता ने देशी-विदेशी आगंतुकों और उद्यमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

रेशमी साड़ियों की विशिष्ट कारीगरी ने विदेशी मेहमानों को किया आकर्षित

जनपद के ओडीओपी उत्पाद रेशमी साड़ी के अंतर्गत पांच उद्यमियों—मेहताब साड़ी उद्योग, अरीबा सिल्क साड़ी, कामिल हैंडलूम, आरिफ जारी साड़ी तथा वीवर्स हैंडलूम विकास केन्द्र—द्वारा ट्रेड शो में स्टॉल लगाकर आजमगढ़ की पारंपरिक बुनकरी एवं रेशमी साड़ियों का प्रदर्शन किया गया।

स्टॉल पर प्रदर्शित आकर्षक डिजाइन, रंग संयोजन, बुनकरी की बारीक कारीगरी एवं पारंपरिक कला ने देशी-विदेशी महिला खरीदारों के साथ ही अन्य उद्यमियों को भी आकर्षित किया। आगंतुकों ने आजमगढ़ के बुनकरों द्वारा तैयार रेशमी साड़ियों की विशिष्ट कारीगरी एवं डिजाइनों की सराहना की। ट्रेड शो के माध्यम से स्थानीय बुनकरों के उत्पादों को बड़े बाजार एवं अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

ब्लैक पॉटरी की चमक पहुंची वैश्विक मंच तक, जापान से मिला ऑर्डर

ओडीओपी में चयनित आजमगढ़ के दूसरे प्रमुख उत्पाद ब्लैक पॉटरी को भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में व्यापक सराहना मिली। माहेश्वरी मोमेंट्स द्वारा लगाए गए स्टॉल पर ब्लैक पॉटरी से निर्मित आकर्षक मोमेंटो, मूर्तियां, फ्लावर पॉट, प्लेट, कप सहित विभिन्न उत्पाद प्रदर्शित किए गए। ब्लैक पॉटरी की अनूठी चमक, डिजाइन और कलात्मकता ने देशी-विदेशी आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। कई विदेशी आगंतुकों ने उत्पादों को हाथ में लेकर उनकी बारीक कारीगरी को करीब से देखा और सराहना की।

माहेश्वरी मोमेंट्स की प्रोपराइटर शिखा मिश्रा ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से आजमगढ़ की ब्लैक पॉटरी को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि जापान के उद्यमियों द्वारा ब्लैक पॉटरी के लिए बड़ा ऑर्डर प्राप्त हुआ है, जिसकी आपूर्ति शीघ्र की जाएगी। इससे स्थानीय शिल्पकारों एवं उद्यमियों को अंतर्राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का नया अवसर मिला है।

लौंगलता की मिठास ने देशी-विदेशी मेहमानों को किया कायल

एक जनपद एक व्यंजन के अंतर्गत आजमगढ़ में चयनित लौंगलता को भी यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विशेष पहचान मिली। अतरौलिया के गुप्ता मिष्ठान भण्डार द्वारा लगाए गए स्टॉल पर पूर्वांचल की इस पारंपरिक मिठाई को प्रदर्शित एवं उपलब्ध कराया गया।

मेले में पहुंचे देशी-विदेशी आगंतुकों ने लौंगलता का स्वाद चखा और इसकी विशिष्ट मिठास एवं पारंपरिक स्वाद की सराहना की। इस माध्यम से पूर्वांचल की पारंपरिक खाद्य संस्कृति एवं स्थानीय व्यंजन को भी व्यापक मंच मिला।

7 उद्यमियों ने लगाया स्टॉल, शासन की योजनाओं से मिला प्रोत्साहन

उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद आजमगढ़ के कुल 7 उद्यमियों ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में स्टॉल लगाकर प्रतिभाग किया। शासन द्वारा उद्यमियों को सब्सिडाइज्ड दर पर स्टॉल उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही विपणन प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत माल ढुलाई एवं यात्रा भत्ता व्यय की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में प्रतिभाग करने वाले उद्यमियों से टेलीफोनिक संवाद के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्हें अपने उत्पादों के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया एवं व्यापारिक अवसर प्राप्त हुए हैं। विशेष रूप से ब्लैक पॉटरी के लिए जापानी उद्यमियों से प्राप्त ऑर्डर से स्थानीय उत्पाद के अंतर्राष्ट्रीय बाजार में विस्तार की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में आजमगढ़ के उत्पादों ने बढ़ाया कदम—डीएम

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आजमगढ़ के ओडीओपी एवं ओडीओसी उद्यमियों को मिले सकारात्मक प्रोत्साहन से जनपद के स्थानीय उत्पादों को ‘लोकल से ग्लोबल’ तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर मिला है। आजमगढ़ की रेशमी साड़ी एवं ब्लैक पॉटरी की विशिष्ट कला और कारीगरी को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की रेशमी साड़ी एवं ब्लैक पॉटरी को विभिन्न देशों के बाजारों तक पहुंचाने, साथ ही पूर्वांचल की पारंपरिक मिठाई लौंगलता की देशी खुशबू को विदेशी धरती तक पहुंचाने के लिए ऐसे व्यापारिक मंच महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के उद्यमियों की प्रतिभा, हुनर और स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मिले व्यापारिक अवसर एवं प्रोत्साहन से उत्साहित आजमगढ़ के उद्यमियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों एवं उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button