Azamgarh news :जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही में तेजी लाने तथा सभी अवैध कट बंद कराने के निर्देश

विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन

पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान प्रभावी करने पर जोर

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशानुसार जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, ब्लैक स्पॉट स्थलों पर सुधारात्मक कार्यवाही तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्यवाही की समीक्षा

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट स्थलों पर अब तक की गई सुधारात्मक कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की संभावना अधिक है, वहां संकेतक, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

सभी अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश

एडीएम प्रशासन ने जनपद की प्रमुख सड़कों एवं मार्गों पर बने सभी अवैध कटों को चिन्हित कर उन्हें बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कट सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हो सकते हैं, इसलिए संबंधित विभाग पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से ऐसे सभी कटों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मार्गों पर यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य करने पर जोर

बैठक में विद्यालयों में संचालित वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने वाहनों का संचालन करने वाले सभी विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवहन व्यवस्था में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालयों में संचालित बसों एवं अन्य वाहनों की फिटनेस, परमिट, चालक एवं परिचालक की आवश्यक वैधानिक औपचारिकताओं तथा सुरक्षा मानकों का नियमित रूप से परीक्षण कराया जाए। विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति के माध्यम से वाहनों एवं बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश

अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों से ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया जाए तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को यातायात नियमों के पालन के लिए लगातार जागरूक किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button