Azamgarh news :गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रभारी अधिकारियों के साथ की बैठक
गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रभारी अधिकारियों के साथ की बैठक

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में समस्त प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026, नामांकन हेतु अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026, नाम-निर्देशनों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026, नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026, मतदान 23 अक्टूबर 2026 को तथा मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को सम्पन्न होगी। मतदान का समय पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक निर्धारित है। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्मिक व्यवस्था के अंतर्गत मतदान के लिए आरक्षित सहित कुल 26 मतदान टोलियों का गठन किया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार कार्मिकों की नियुक्ति की जाएगी। निर्वाचन के दौरान जनपद में आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान परिषद निर्वाचन के लिए जनपद में 23 मतदेय स्थलों पर मतदान सम्पन्न कराया जाएगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र को एक सेक्टर के रूप में चिन्हित किया जाएगा। मतदान कार्मिकों एवं निर्वाचन सामग्री के आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार मिनी बस, हल्के एवं भारी वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक के जनपद मुख्यालय आगमन एवं निर्वाचन क्षेत्र के भ्रमण के दौरान उनके भ्रमण से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारी समय से सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि परिषद निर्वाचक क्षेत्र की निर्वाचक नामावली आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक निर्वाचन के अवसर पर नए सिरे से तैयार की जाती है। निर्वाचन हेतु आयोग के निर्देशानुसार 11 नवंबर 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाताओं से प्रारूप-19 पर पदाभिहित अधिकारी/उप जिलाधिकारी के माध्यम से दावे प्राप्त किए गए। निजी संस्थानों से संबंधित दावों को जिला विद्यालय निरीक्षक से प्रतिहस्ताक्षरित कराए जाने के उपरान्त निर्वाचक नामावली तैयार की गई। अंतिम निर्वाचक नामावली एवं पूरक सूची में कुल 8,483 मतदाता हैं, जिनमें 5,952 पुरुष एवं 2,531 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों के लिए मतदान कार्मिकों का डिस्पैच निर्वाचन कार्यालय से किया जाएगा। सभी मतदान केन्द्रों से मतपेटियां सर्वप्रथम निर्वाचन कार्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में लाई जाएंगी तथा इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोरखपुर स्थित स्ट्रांग रूम में भेजी जाएंगी। निर्वाचन में लगे कार्मिकों का प्रशिक्षण हरिऔध कला केन्द्र में कराया जाएगा। बैठक में प्रशिक्षण सामग्री, पीपीटी एवं निर्वाचन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
निर्वाचन से संबंधित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने व्हाट्सऐप ग्रुप गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित अधिकारी तत्काल संज्ञान लेते हुए उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
लेखन एवं निर्वाचन सामग्री तथा मतपेटियों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी मतपेटियों की ऑयलिंग, ग्रीसिंग एवं आवश्यक रख-रखाव समय से सुनिश्चित कर लिया जाए। इसके साथ ही डाक मतपत्र, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी, वेबकास्टिंग तथा मतदान कार्मिकों के यात्रा भत्ता सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन हेतु जनपद में कुल 23 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें क्षेत्र पंचायत कार्यालय लालगंज, ठेकमा, मेंहनगर, तरवां, फूलपुर, मार्टिनगंज, अहरौला, पवई, अतरौलिया, कोयलसा, बिलरियागंज, महराजगंज, सगड़ी, हरैया, रानी की सराय, पल्हनी, मुहम्मदपुर, मिर्जापुर, तहबरपुर, जहानागंज, सठियांव, शिब्ली डिग्री कॉलेज आजमगढ़ तथा तहसील कार्यालय सदर शामिल हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित निर्वाचन से संबंधित समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।



