आजमगढ़:हत्या की आशंका में सड़क जाम लगाने का प्रयास,पुलिस के समझाने पर अंतिम संस्कार को तैयार हुआ परिवार
Azamgarh: Fearing murder, the family attempted to block the road, but after police persuasion, the family agreed to the last rites.
अतरौलिया!/आजमगढ़: अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित नहर में मंगलवार सुबह अतरौलिया थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी कुंदन कुमार 25 वर्ष का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुंदन सोमवार शाम से लापता था। परिजनों ने कुछ लोगों पर बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और देर रात तक कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते रहे।
सूचना पर उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौड़, अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने शव को घर से उठाकर अगया बाजार में अतरौलिया-अहरौला मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहले से मौजूद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए लोगों को समझाकर जाम लगाने से रोक दिया। इस दौरान मौके पर महिलाओं की संख्या अधिक रही।परिजनों का कहना था कि जब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजनों की नाराजगी को देखते हुए क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर, कप्तानगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और अहरौला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। पुलिस की मौजूदगी में ही शव को गाड़ी में रख कर अंबेडकरनगर स्थित कम्हरिया घाट के लिए भेज दिया गया।
मृतक की मां बादामा और भाभी संध्या ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले चौबे का पूरा गांव के कुछ लोगों ने कुंदन के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों ने आशंका जताई कि उन्हीं लोगों ने कुंदन को बुलाकर उसकी हत्या की और शव नहर में फेंक दिया।क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि कुछ व्यक्ति कुंदन को बुलाकर अपने साथ ले गए थे और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



