Azamgarh News:डब्ल्यू०डी०सी०-पीएमकेएसवाई 2.0 के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं रिफार्म उत्सव कार्यक्रम 02 अक्टूबर क़ो*
*डब्ल्यू०डी०सी०-पीएमकेएसवाई 2.0 के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं रिफार्म उत्सव कार्यक्रम 02 अक्टूबर क़ो*
आजमगढ़, 30 सितम्बर 2026//
भूमि संरक्षण अधिकारी, ऊसर सुधार, आजमगढ़ ने अवगत कराया है कि भूमि संरक्षण अनुभाग (कृषि विभाग) में संचालित डब्ल्यू०डी०सी०- पीएमकेएसवाई 2.0 योजना के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान एवं रिफार्म उत्सव कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से ग्राम हाजीपुर, विकास खण्ड सठियांव में किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान योजनांतर्गत कराए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी आमजन को दी जाएगी तथा इन कार्यों से प्राप्त होने वाले लाभ, उनके महत्व एवं भविष्य में इनके उपयोग और प्रभाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, जल एवं मृदा संरक्षण, कृषि उत्पादकता में वृद्धि तथा प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के प्रति किसानों एवं ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में वन विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के अधिकारियों एवं वैज्ञानिकों द्वारा अपने-अपने विभागों से संचालित योजनाओं, पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं एवं योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में भी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा उपस्थित ग्रामीणों एवं किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा।
इस अवसर पर परियोजना क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एवं योजनाओं से लाभान्वित उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल एवं मृदा संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।



