Azamgarh News:संचारी रोगों की रोकथाम को विशेष अभियान शुरू, घर-घर पहुंचकर जागरूक करेंगी स्वास्थ्य टीमें
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
संचारी रोगों की रोकथाम को विशेष अभियान शुरू, घर-घर पहुंचकर जागरूक करेंगी स्वास्थ्य टीमें
आजमगढ़ जनपद में बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 1 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया है। इसके साथ ही 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाकर स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई रखने, घरों के आसपास पानी एकत्रित न होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.एन. वर्मा के मार्गदर्शन तथा एसीएमओ डॉ. उमा शरण पांडेय की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान को गति दे रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को सलाह दी जा रही है कि नालियों की नियमित सफाई कराएं, घरों के आसपास जमा पानी को हटाएं तथा झाड़ियों की समय-समय पर सफाई कराएं। बुखार सहित बीमारी के कोई लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की अपील की गई है।
वहीं 12 अक्टूबर से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेंगे और संचारी रोगों के लक्षण मिलने पर आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। विभाग का कहना है कि आमजन की जागरूकता और साफ-सफाई के प्रति सतर्कता से संचारी रोगों के फैलाव पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।



