सपा का पीडीए ढकोसला, मुस्लिम समाज से किया विश्वासघात: इमरान बंटी

Jaunpur: SP's PDA sham, betrayal of Muslim community: Imran Bunty

जौनपुर। एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नारा महज ढकोसला है। पीडीए के ‘ए’ यानी अल्पसंख्यक समाज के साथ सपा ने हमेशा विश्वासघात किया है। मुस्लिम समाज ने मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक को मुख्यमंत्री बनाने में तन, मन और धन से योगदान दिया, लेकिन सपा सरकार में मुस्लिम समाज को मुजफ्फरनगर दंगे जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ा।

वह रविवार को हिन्दी भवन सभागार में आयोजित एआईएमआईएम के जिला स्तरीय कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि भाजपा देशभर में मुसलमानों का डर दिखाकर पिछड़ों और दलितों का वोट हासिल करती है, जबकि सपा मुस्लिम समाज को भाजपा का डर दिखाकर उसका वोट लेती है। दोनों दल डर की राजनीति करते हैं।

इमरान बंटी ने कहा कि जिस दिन देश से भाजपा खत्म होगी, उसी दिन उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी भी खत्म हो जाएगी। उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम आगामी विधानसभा चुनाव में जौनपुर की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। गठबंधन की स्थिति में पार्टी शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और विधानसभा चुनाव में पार्टी बड़ी सफलता हासिल करेगी।

सम्मेलन को पूर्वांचल संयुक्त सचिव अभयराज भारती, जिला महासचिव शाहनेयाज अहमद, जिला सचिव केडी अंसारी, मजनू राम गौतम, जिला संयुक्त सचिव शमशाद आलम, जिला कोषाध्यक्ष कलीम हाशमी समेत अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन विधानसभा महासचिव मो. कासिम ने किया।इस मौके पर जिला सचिव कामरान अहमद, मो. अकरम, शाहगंज नगर अध्यक्ष वकील अहमद, जफराबाद विधानसभा अध्यक्ष मुस्ताक हाशमी, सभासद अतीक अहमद, जिला पंचायत सदस्य कमालुद्दीन, अशहब सिद्दीकी, हुजैफा खान, जाबिर, गुलशाद, एजाज, दिलशाद, आजाद, नसीम, परवेज और आजाद खान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button