Azamgarh News;कार्तिक पूर्णिमा- जैसे हुआ सवेरा, लगने लगा बाबा का जयकारा

रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल महराजगंज (आजमगढ़)
पंछियों की चह-चआहट एवं बंदरों की किलकारियों के बीच जैसे ही ब्रह्म मुहूर्त के चार बजे, मंदिर का कपाट खुला और बाबा भैरवनाथ का स्नान के बाद श्रृंगार प्रारंभ हुआ, वैसे ही धाम पर मौजूद भक्तों ने पवित्र सरोवर में स्नान प्रारंभ कर दिया और हर हर महादेव एवं बाबा भैरवनाथ के जयकारे से पूरा परिसर गूंजायमान हो उठा । आरती प्रारंभ हुई तो भक्तों ने हाथ में नारियल, चुनरी, काली मिर्च, बतासा व फूल-मला व अगरबत्ती लेकर बाबा के दर्शन के लिए कतार लगा दिया । नगाड़े की थाप, घंटियों की टुन-टुन और घंटों की टनटनाहट से मंदिर के आसपास का पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा । भगवान भास्कर के उदय होने के पश्चात जैसे-जैसे तापमान बढ़ा श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गयी ।
कुछ ऐसा दृश्य कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को बाबा भैरव धाम में देखने को मिला । काफी संख्या में दूरदराज के श्रद्धालु एक दिन पूर्व ही मंदिर पर पहुंच चुके थे और परिसर स्थित धर्मशालों में भजन कीर्तन कर रात गुजारी तथा भोर के चार बजे से ही पवित्र सरोवर में हर हर महादेव एवं बाबा भैरवनाथ के जयकारों के साथ स्नान प्रारंभ कर दिया । ऐसा प्रतीत हो रहा था कि बाबा भी भक्तों की आस्था के वशीभूत जल्दी उठ गए हों और भक्तों को दर्शन हेतु ज्यादा देर तक प्रतीक्षा नहीं कराना चाहते हों ।
बाबा की अपने भक्तों पर बेशुमार कृपा रहती है । उनके भक्तों को कभी खाली हाथ नहीं लौटना पड़ता । उनकी हर मुरादे पूरी होती हैं तथा संकटों से मुक्ति मिलती है । कुछ ऐसी ही आस्था और विश्वास के साथ। काफी संख्या में स्थानीय भक्तगण प्रतिदिन भोर में ही मंदिर पहुंच जाते हैं तथा सरोवर में स्नान के पश्चात बाबा के चरणों में शीश नवाते हुए आरती में सम्मिलित होते हैं ।
कार्तिक पूर्णिमा पर भी भक्तों ने पवित्र सरोवर में स्नान कर बाबा के चरणों में संकटों से मुक्ति व परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी । परिसर में लगे मेले में सजी श्रृंगार की दुकानों पर महिलाओं ने जमकर खरीदारी किया । बच्चों ने चटपटे व्यंजनों व मिठाईयों का लुफ्त उठाया तो बड़े बुजुर्गों ने खेती-किसानी व गृहस्थी से जुड़े सामानो हंसिया, खुरपा, कुदाल, फावड़ा, पनिहा, सूप, चलनी आदि सामानों की खरीदारी किया । मेले में शांति व्यवस्था हेतु स्थानीय पुलिस बल सकृयता के साथ तैनात रहा वहीं नगर प्रशासन भी श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मुस्तैद रहा ।



