Azamgarh News:जहानागंज में दुर्गा पूजा पंडालों का थाना अध्यक्ष ने किया पैदल भ्रमण, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जहानागंज में दुर्गा पूजा पंडालों का थाना अध्यक्ष ने किया पैदल भ्रमण, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पूरे कस्बे में पुलिस बल के साथ निकले थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, पंडाल आयोजकों को सुरक्षा और अनुशासन के दिए निर्देश
आजमगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कस्बे में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार की शाम जहानागंज थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ पूरे कस्बे में पैदल गश्त किया। इस दौरान क्षेत्र में जहां-जहां मूर्तियां स्थापित की गई हैं और पूजा पंडाल बनाए गए हैं, वहां पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। थाना अध्यक्ष ने पंडाल आयोजकों से बातचीत कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
पैदल गश्त के दौरान थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहार आस्था, श्रद्धा और आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं। ऐसे पावन अवसर पर सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने पंडाल संचालकों को हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में पूजा स्थल पर अराजक तत्वों को इकट्ठा न होने दें। कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में मूर्ति या पूजा पंडाल के पास न पहुंचे और न ही किसी प्रकार का विवाद, हंगामा या अव्यवस्था उत्पन्न करे।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसी पंडाल या आसपास के क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है अथवा कोई अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की जरूरत नहीं है। विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। आयोजकों से कहा गया कि साउंड निर्धारित मानकों और उचित आवाज के स्तर पर ही बजाएं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। त्योहार की खुशियां दूसरों के लिए परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील की कि त्योहार को प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही शांति व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।
जहानागंज कस्बे में पुलिस की इस पैदल गश्त से पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आयोजकों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



