मऊ:जब छात्राओं ने संभाली सड़क की कमान, पुलिस ने बताया सुरक्षा का अधिकार
घोसी पुलिस ने मिशनशक्ति के तहत मझवारा मोड़ पर छात्राओं को दी गई यातायात नियमों की जानकारी

ब्यूरो प्रमुख मऊ, अशोक श्रीवास्तव
MauNews:घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली की मिशन शक्ति टीम द्वारा घोसी नगर के मझवारा मोड़ पर छात्राओं को यातायात नियमों से रूबरू कराया गया। भीड़ भाड़ स्थानों पर वाहनों की आवाजाही के बीच यातायात संभालते पुलिसकर्मी नजर आते हैं लेकिन मंगलवार को यहां एक अलग नजारा देखने को मिला। सर्वोदय पीजी कॉलेज और सर्वोदय इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पुलिस टीम के साथ यातायात संचालन में भागीदारी की। इस दौरान मिशन शक्ति टीम की पहल पर छात्राओं ने सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सहयोग किया वहीं पुलिस ने उन्हें सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस अभियान में पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के दिशा-निर्देशन तथा घोसी सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी एवं कोतवाल रवींद्रनाथ राय के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहा। महिला एसआई ऋचा सोनी की मौजूदगी में छात्राओं ने कस्बे के सबसे व्यस्ततम तिराहे मझवारा मोड़ पर यातायात संचालन में सहभागिता की।
अभियान के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस की मदद लेने के बारे में बताया गया। साथ ही यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सुरक्षित आवागमन के महत्व को भी समझाया गया।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। मझवारा मोड़ पर आयोजित इस गतिविधि के जरिए महिला सशक्तीकरण और सड़क सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।



