Azamgarh News:सड़क पर मौत का जाल! टेलीकॉम विभाग ने खोदकर छोड़े गहरे गड्ढे, आए दिन हो रहे हादसे
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
सड़क पर मौत का जाल! टेलीकॉम विभाग ने खोदकर छोड़े गहरे गड्ढे, आए दिन हो रहे हादसे
पटवध सरैया बाजार से पटवध कौतुक प्राइमरी स्कूल के पास मोड़ पर दुर्घटना का खतरा, बुजुर्ग रिटायर्ड अधिकारी हुए घायल, जिम्मेदार विभाग बेखबर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमगढ़-बिलरियागंज मुख्य मार्ग पर पटवध सरैया बाजार से पटवध कौतुक प्राइमरी स्कूल के पास जाने वाले मोड़ पर टेलीकॉम विभाग द्वारा सड़क की खुदाई कर गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। यही नहीं, मार्ग पर दो-तीन अन्य स्थानों पर भी खुदाई के बाद गड्ढों को बिना ढके छोड़ दिया गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बने इन गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त अधिकारी बाइक से मोड़ पार कर रहे थे, तभी उनकी बाइक गड्ढे में फंस गई और वह उसमें गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि घायल बुजुर्ग का इलाज अभी भी चल रहा है।
सड़क पर खुले पड़े गहरे गड्ढे विशेष रूप से रात के समय और कम रोशनी में बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक गड्ढों को ढकने अथवा वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की दिशा में कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन गड्ढों को नहीं ढका गया और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सड़क पर खोदे गए सभी गड्ढों को तत्काल बंद कराया जाए तथा जब तक कार्य पूरा नहीं होता, तब तक वहां बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग लोगों की शिकायतों पर कब संज्ञान लेता है और इन खतरनाक गड्ढों से निजात दिलाने के लिए कब ठोस कदम उठाता है।



