Azamgarh News:ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल; गांव में मचा कोहराम

 

आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना अंतर्गत मधुबन गांव निवासी श्रवण मद्धेशिया (32) की सोमवार की सुबह जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा बाजार के पास ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रवण मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय अच्छे लाल मद्धेशिया मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। मृतक दो भाइयों में छोटा था, जबकि उसका बड़ा भाई मुंबई में रहता है। ऐसे में श्रवण ही अपने परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था।

बताया जाता है कि महज दो दिन पहले श्रवण अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर काम की तलाश में जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा क्षेत्र में गया था। सोमवार की सुबह बाइक से जाते समय वह ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता की मौत से दोनों मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया।

घटना की सूचना मिलने पर सरायख्वाजा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, श्रवण की मौत की खबर मधुबन गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिस पिता के सहारे दो मासूम बच्चों का भविष्य टिका था, उसके असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button