जौनपुर:कलेक्ट्रेट के सामने बच्चों संग आत्मदाह की कोशिश, वकीलों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
हैंडपंप लगाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद का आरोप, महिला ने खुद और बच्चों पर डीजल उड़ेला; वकीलों ने छीना डिब्बा
ब्यूरो प्रमुख जौनपुर
जौनपुर। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने मासूम बच्चों के साथ कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला ने खुद और बच्चों पर डीजल उड़ेल लिया। हालांकि, आग लगाने से पहले ही मौके पर मौजूद वकीलों और एएलयू के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से डिब्बा छीन लिया। समय रहते हस्तक्षेप होने से महिला और उसके बच्चों की जान बच गई।
मामला बक्सा थाना क्षेत्र के सरेडी गांव का बताया जा रहा है। महिला के अनुसार, पड़ोसियों से हैंडपंप लगाने को लेकर विवाद चल रहा है। उसका आरोप है कि पड़ोसी उसे घर के पास हैंडपंप लगाने और निर्माण कार्य कराने से रोक रहे हैं। इसी विवाद को लेकर वह अपनी फरियाद लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची थी।महिला का आरोप है कि समस्या का समाधान नहीं होने से परेशान होकर उसने कलेक्ट्रेट के सामने यह कदम उठाने की कोशिश की। घटना के दौरान अचानक मची अफरा-तफरी के बीच वकीलों और एएलयू के सदस्यों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और डीजल का डिब्बा छीनकर महिला को आग लगाने से रोक दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।महिला ने इस मामले में अशोक यादव, धनंजय यादव समेत कुछ अज्ञात लोगों पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पड़ोसियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



