Azamgarh News:नवागत एडीएम ने सदर तहसील में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के 03 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का किया शुभारंभ

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
नवागत एडीएम ने सदर तहसील में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के 03 दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का किया शुभारंभ
बूढ़नपुर एवं फूलपुर तहसीलों में संबंधित उप जिलाधिकारियों/उप जिला जनगणना अधिकारियों ने किया प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन।
आजमगढ़। जनगणना 2027 के सफल, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ में प्रगणक एवं सुपरवाइजर के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तहसील सदर में नवागत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी राजीव कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया। वहीं, तहसील बूढ़नपुर एवं फूलपुर में संबंधित उप जिलाधिकारियों/उप जिला जनगणना अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजर को उनकी जिम्मेदारियों, जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से सही जानकारी संकलित करने तथा मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग के संबंध में आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को जनगणना संबंधी कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित कराया जा रहा है, जिससे वास्तविक क्षेत्र में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो और आंकड़ों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
जनगणना 2027 की महत्वपूर्ण समय-सारिणी
जनपद में जनगणना कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में निवासी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसे प्रगणक के साथ साझा किया जा सके।
इसके पश्चात 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी संकलित की जाएगी। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य निर्धारित है, जिसके अंतर्गत संबंधित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक सत्यापन एवं छूटे हुए कार्यों को पूरा किया जाएगा।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशन में जनपद की सभी तहसीलों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों एवं सुपरवाइजर को उनके दायित्वों, क्षेत्रीय कार्यप्रणाली, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों तथा संसाधनों के बेहतर नियोजन में उपयोगी होते हैं। अतः प्रत्येक निवासी से संबंधित जानकारी का सही एवं सावधानीपूर्वक संकलन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनपद प्रशासन का प्रयास है कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर समुचित प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य निर्धारित समय-सीमा में शुद्धता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जा सके।



