Azamgarh News:किराये के मकान में छिपाकर रखे गए 323 किलो अवैध पटाखे बरामद, कीमत करीब दो लाख रुपये
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
किराये के मकान में छिपाकर रखे गए 323 किलो अवैध पटाखे बरामद, कीमत करीब दो लाख रुपये
मुबारकपुर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित
आजमगढ़ आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कस्बे के पुरारानी मोहल्ले में एक किराये के मकान पर छापेमारी कर कमरे में छिपाकर रखे गए करीब 323 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को सूचना मिली कि पुरारानी मोहल्ले में एक किराये के मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक शशीचन्द चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान सहर पत्नी समीर के मकान में गुलाब गुप्ता द्वारा किराये पर लिए गए एक कमरे से विभिन्न कंपनियों के पटाखों की बड़ी खेप बरामद हुई।
बरामद पटाखों में 1022 पैकेट फूलझड़ी, 445 पैकेट मिर्ची बम, 265 पैकेट मिनी बुलेट बम, 150 पैकेट चकरी, 150 पैकेट इलेक्ट्रिक क्रैकर, 150 पैकेट अनार, 149 पैकेट माचिस बम, 119 पैकेट पॉप-अप बम, 17 पैकेट प्राइम क्रैकर्स, 12 पैकेट रॉकेट और एक पैकेट 18 शॉट रॉकेट शामिल हैं।
इस मामले में पुलिस ने गुलाब गुप्ता पुत्र स्वर्गीय कन्हैया गुप्ता निवासी पुरारानी, थाना मुबारकपुर के खिलाफ मु0अ0सं0 381/2026 धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशीचन्द चौधरी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रदीप मिश्रा, उपनिरीक्षक आशुतोष मौर्य, प्रदीप वाजपेयी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
त्योहारी सीजन में रिहायशी मकान के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।



