Azamgarh News:आजमगढ़ से बांदा स्थानांतरण पर अजय कुमार शाही का भव्य सम्मान, अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया गया अभिनंदन
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बच्चों को दिया सफलता का मंत्र, कहा- अनुशासन और निरंतर परिश्रम से हासिल किया जा सकता है हर लक्ष्य
सगड़ी (आजमगढ़) सगड़ी तहसील क्षेत्र के छपरा सुल्तानपुर स्थित पीएनएस मेमोरियल स्कूल के स्वामी स्वतंत्रानन्द सभागार में अजय कुमार शाही के आजमगढ़ से जनपद बांदा स्थानांतरण होने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, कार्यशैली और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अजय कुमार शाही ने जुबली इंटर कॉलेज, गोरखपुर से शिक्षा ग्रहण करने के बाद विधि की पढ़ाई पूरी की। विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं देने के उपरांत उन्होंने न्यायिक विभाग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। जनपद बरेली से स्थानांतरण होकर आजमगढ़ आए अजय कुमार शाही का अब जनपद बांदा में प्रधान न्यायाधीश, फैमिली कोर्ट के पद पर स्थानांतरण हुआ है।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वागत गीत, मां सरस्वती की वंदना एवं अतिथि सत्कार के साथ किया गया। विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक रामनारायण सिंह ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन करते हुए अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राम सेवक सिंह ने की।
अपने संबोधन में अजय कुमार शाही ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए जीवन में संतोष, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि “जो प्राप्त है, वह पर्याप्त है।” विद्यार्थियों को प्रातः चार बजे उठकर अध्ययन करने और नियमित रूप से पढ़ाई की आदत विकसित करने की सलाह दी। अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतरता, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर ही किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से उसकी प्राप्ति के लिए प्रयास करना चाहिए। समय का सदुपयोग और पढ़ाई के प्रति समर्पण ही भविष्य को बेहतर बनाने का आधार है।
कार्यक्रम में राम प्रताप सिंह, चंद्रशेखर सिंह, ज्ञानेंद्र मिश्रा, अशोक कुमार भट्ट, उमाशंकर यादव, सतीश चंद्र मौर्य, अतुल कुमार सिंह, मनोज कुमार शाही सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक उपस्थित रहे। वहीं छपरा सुल्तानपुर गांव के संभ्रांत नागरिक हौलदार सिंह, धीरेंद्र सिंह, अवलेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



