Azamgarh News:मुबारकपुर कस्बा चौकी प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मी निलंबित, एसएसपी की बड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप

आजमगढ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आवेदिका के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई न करने, निजी संपर्क रखने और अवैध पटाखों के भंडारण पर लापरवाही के गंभीर आरोप

आजमगढ़ जिले में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए मुबारकपुर कस्बा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा समेत नौ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी की इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा के विरुद्ध आवेदिका इशरत जहां से जुड़े प्रकरण में निष्पक्ष कार्रवाई न करने, सरकारी दायित्वों के विपरीत कार्य करने तथा आवेदिका से व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसके अलावा चौकी से महज कुछ मीटर की दूरी पर अवैध पटाखों का भंडारण होने के बावजूद इसकी जानकारी न होना भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

वहीं, मुबारकपुर कस्बा चौकी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी पक्षपातपूर्ण एवं शोषणपूर्ण कार्रवाई करने, राजकीय कर्तव्यों की अपेक्षा निजी और आर्थिक हितों को प्राथमिकता देने, स्वेच्छाचारिता तथा अनुशासनहीनता बरतने के आरोप संज्ञान में आए हैं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सामूहिक निलंबन की कार्रवाई की।

निलंबित पुलिसकर्मियों में चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा के अलावा हरेन्द्र कुमार सिंह, विनय यादव, कुलदीप सरोज, सत्येन्द्र कुमार यादव, शैलेन्द्र कुमार, मुकुन्द लाल मिश्रा, मुशाहिद रजा और सुजीत यादव शामिल हैं।

बताया जाता है कि मुबारकपुर कस्बा पुलिस चौकी पर कुल 19 पुलिसकर्मियों की तैनाती है। इनमें से नौ के विरुद्ध हुई कार्रवाई को विभागीय अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और किसी भी प्रकार की अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी से करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button