Azamgarh News:सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक

अपर पुलिस अधीक्षक यातायात और एआरटीओ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, 15 दिनों तक चलेगा विशेष अभियान

आजमगढ़ जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। रैली को अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) पंकज श्रीवास्तव और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पहुंचकर लोगों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी इसके प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने पर जोर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, आगामी 15 दिनों तक जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटक और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा।

आजमगढ़ पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से बचें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित प्रयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button