दीदारगंज विधानसभा को विद्युत व्यवस्था सुधारने की बड़ी सौगात, 42 कार्यों को मिली मंजूरी
डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा के प्रयासों से गांवों में लगेंगे नए ट्रांसफार्मर, पुराने ट्रांसफार्मरों की भी बढ़ेगी क्षमता
गंभीरपुर/आजमगढ़। दीदारगंज विधानसभा क्षेत्र में बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग तथा बार-बार बिजली कटौती जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए कुल 42 विद्युत कार्यों को स्वीकृति मिली है। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा के प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई है।स्वीकृत कार्यों में विभिन्न गांवों और बस्तियों में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के साथ ही पुराने तथा कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना शामिल है। इसके तहत मार्टीनगंज, गद्दोपुर, छाऊ, फरीदाबाद, पुष्पनगर और गोठांव विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े गांवों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा अनुसूचित बस्तियों, राजभर बस्तियों, यादव बस्तियों, ग्रामीण बाजारों और विभिन्न मोहल्लों में भी विद्युत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।योजना के तहत कई स्थानों पर 25 केवी क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। वहीं, जरूरत के अनुसार पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता 25 से 63 केवी, 63 से 100 केवी तथा 100 से 250 केवी तक बढ़ाई जाएगी। इससे बढ़ती आबादी और बिजली की खपत के अनुरूप विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने बताया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार पैरवी की जा रही है, ताकि लोगों को निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति मिल सके।क्षेत्र में एक साथ 42 विद्युत कार्यों को मंजूरी मिलने से ग्रामीणों में खुशी की उम्मीद है। लोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद गर्मी के मौसम में ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर खराब होने जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।गौरतलब है कि डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा पूर्व राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त), भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रवेश कार्य समिति के सदस्य, राष्ट्रीय कार्य समिति पिछड़ा मोर्चा के सदस्य तथा दीदारगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हैं।



