Azamgarh News:मां कालिका के जयकारों से गूंजा मानपुर, शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भव्य भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
पांच दिनों तक चले वैदिक अनुष्ठान के बाद भक्तिमय माहौल में हुआ भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया मां का प्रसाद
आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मानपुर स्थित मां कालिका मंदिर परिसर में पांच दिनों तक चले शतचंडी महायज्ञ के धार्मिक अनुष्ठान के बाद 17 नवंबर को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। मां कालिका के जयकारों और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण के बीच आयोजित इस भंडारे में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भोजन रूपी प्रसाद ग्रहण किया और मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
गौरतलब है कि समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के सहयोग से मां कालिका मंदिर परिसर में भव्य शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया था। मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय एवं श्रीकांत पांडेय की प्रेरणा से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 12 नवंबर से 16 नवंबर तक निरंतर चलता रहा। पांच दिनों तक मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों से गुंजायमान रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यज्ञ में सहभागिता की।
17 नवंबर को शाम चार बजे से भव्य भंडारे का शुभारंभ हुआ। मां कालिका के प्रति अटूट आस्था लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने आयोजन को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण स्वरूप प्रदान किया। गांव के लोगों के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से धार्मिक आयोजन ने सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द की भी सुंदर मिसाल पेश की।
इस अवसर पर भाजपा बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय, रविंद्र नाथ राय, प्रबंधक श्रवण कुमार राय, मुन्ना राय, जयदेव राय, बबलू राय, प्रवीण राय सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।



