प्रेम के प्रेम को भुलाया नहीं जा सकता-साहबदीन यादव

इस बार सन्त श्री प्रेम नारायण लाल को उनके घर पर प्रेरणा-पुरुष के रूप में किया गया याद

दर्जनों शुभचिंतकों ने उनके जीवन,करम और दर्शन पर विशद चर्चा की

बिन्द्रा बाजार (आजमगढ़), 21 नवम्बर 2026। जैसा नाम, वैसा ही कर्म था संत श्री प्रेम नारायण लाल जी का। उनका संपूर्ण जीवन सादगी, मर्यादा, समर्पण और मानवीय मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने प्रेम का जो बीज अपने परिवार में ही नहीं, बल्कि पड़ोस, क्षेत्र, जनपद और दूर-दराज तक बोया, वह आज एक विशाल प्रेम-बगीचे के रूप में फलता-फूलता दिखाई दे रहा है। उनके व्यक्तित्व में आत्मीयता और अपनत्व का ऐसा भाव था, जिसे सत्संग में उपस्थित दर्जनों प्रेमियों और शुभचिंतकों ने अपने संस्मरणों के माध्यम से साझा किया। वास्तव में, प्रेम के प्रेम को भुलाया नहीं जा सकता।

उक्त उद्गार निरंकारी प्रचारक श्री साहबदीन यादव ने शनिवार को बिन्द्रा बाजार स्थित प्रेम नगर मुहल्ले में प्रकांड विद्वान, समाजसेवी, शिक्षाविद्, प्रवक्ता, संयोजक एवं महान निरंकारी संत श्री प्रेम नारायण लाल जी की पावन स्मृति में आयोजित 10वें प्रेरणा दिवस सत्संग समारोह में व्यक्त किए।श्री यादव ने अपने विचारों में कहा कि संत श्री प्रेम नारायण लाल जी ने कभी किसी व्यक्ति को अमीर-गरीब, ऊंच-नीच, बड़ा-छोटा, पढ़ा-लिखा अथवा अनपढ़ जैसी सामाजिक श्रेणियों में विभाजित करके नहीं देखा। वे प्रत्येक व्यक्ति में प्रभु का अंश देखते थे और सभी के साथ समान आत्मीयता एवं अपनत्व का व्यवहार करते थे। यही सहज मानवीय दृष्टि उन्हें सर्वप्रिय बनाती थी। उन्होंने ब्रह्मज्ञान प्राप्त करने के बाद अंतिम सांस तक सत्य, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का प्रचार-प्रसार किया। उनके शुभचिंतकों और प्रशंसकों में केवल निरंकारी समाज ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के लोग सम्मिलित रहे हैं। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि मनुष्य अपने सद्कर्मों, विचारों और प्रेमपूर्ण व्यवहार से देह की सीमाओं से परे भी लोगों के हृदय में जीवित रह सकता है।उन्होंने अंत में कामना की कि संत श्री प्रेम नारायण लाल जी द्वारा रोपित यह प्रेम-बगीचा उनके बताए मार्ग पर चलते हुए निरंतर महकता और विकसित होता रहे, जिससे इसकी सुगंध संपूर्ण मानवता तक पहुंचे और अधिक से अधिक लोग प्रेम, सेवा, समर्पण तथा आध्यात्मिकता के इस मार्ग से प्रेरणा प्राप्त करें।

समारोह में एक विशेष काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसका शीर्षक “जिस दिल में है सच्चा प्रेम, वहीं भगत कहलाता है” रखा गया। इसमें रोहित अस्थाना, सतीश, सूर्यनाथ, टी.डी. बाँवला, सुभाष चंद्र अस्थाना, डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार अस्थाना एवं कमलेश अस्थाना ने अपनी काव्य रचनाओं और भावपूर्ण अभिव्यक्तियों के माध्यम से संत श्री प्रेम नारायण लाल जी के जीवन, व्यक्तित्व, आध्यात्मिक चिंतन और प्रेममय दर्शन को स्मरण किया। कविताओं के माध्यम से व्यक्त श्रद्धा, प्रेम और आत्मीयता के भावों ने उनके जीवन से जुड़ी स्मृतियों को एक विशिष्ट संवेदनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की।इस अवसर पर संत श्री प्रेम नारायण लाल जी की धर्मपत्नी श्रीमती सरोज कुमारी अस्थाना, सुपुत्र डॉ. पुष्पेन्द्र अस्थाना एवं भूपेन्द्र अस्थाना, प्रपौत्र रोहित अस्थाना एवं आर्यमन अस्थाना सहित कृष्ण कुमार भगत, हरिश्चन्द्र, प्रकाश, अरुण कुमार भगत, राजेश अस्थाना, वीरेन्द्र यादव, सुभाष यादव, धर्मेन्द्र सिंह, वंदना सिंह, सीमा अस्थाना, सुभाष अस्थाना, सूर्यनाथ, बाँवला एवं रितेश सहित अनेक श्रद्धालु, शुभचिंतक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समारोह में उपस्थित लोगों ने संत श्री प्रेम नारायण लाल जी के जीवन, कर्म, विचारों और मानवीय दर्शन को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button