शाह रुख खान ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भेजा लीगल नोटिस! अनंत अंबानी से बातचीत की वायरल रील पर बढ़ा विवाद
Shah Rukh Khan sends legal notice to social media influencer! Controversy erupts over viral reel of conversation with Anant Ambani
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाह रुख खान और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा के बीच एक वायरल इंस्टाग्राम रील को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खबरों के मुताबिक, शाह रुख खान की ओर से सुविज्ञ शर्मा को कानूनी नोटिस भेजा गया है। रील में अभिनेता और उद्योगपति अनंत अंबानी के बीच हुई बातचीत को लेकर कथित तौर पर भ्रामक और मानहानिकारक दावे किए गए थे।बताया जा रहा है कि यह बातचीत मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु की मौजूदगी में हुई थी। हालांकि, शाह रुख खान या उनकी कानूनी टीम की ओर से नोटिस भेजे जाने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
वायरल रील से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा ने एक रील साझा की थी, जिसमें अनंत अंबानी और सद्गुरु के बीच बातचीत के दृश्य के साथ शाह रुख खान और अनंत अंबानी की बातचीत की दूसरी क्लिप भी दिखाई गई थी। सुविज्ञ ने दावा किया था कि बातचीत के दौरान शाह रुख खान को चुप रहने के लिए कहा गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर चर्चाएं और अटकलें तेज हो गईं।
नोटिस में मानहानि का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शाह रुख खान की कथित कानूनी टीम ने वायरल वीडियो और उसके कैप्शन को भ्रामक, शरारतपूर्ण और मानहानिकारक बताया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के वास्तविक संदर्भ को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे अभिनेता की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंच सकता है।नोटिस में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356 का भी उल्लेख किए जाने की बात कही गई है, जो मानहानि से संबंधित है। बताया गया है कि इन्फ्लुएंसर को 48 घंटे के भीतर पांच मांगों को पूरा करने और उठाए गए कदमों की लिखित जानकारी देने के लिए कहा गया है।
इन्फ्लुएंसर ने भी साझा किया वीडियो
सुविज्ञ शर्मा, जो खुद को वकील बताते हैं, ने कथित कानूनी नोटिस को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। उन्होंने इस मामले पर एक वीडियो भी बनाकर ऑनलाइन पोस्ट किया है। इसके बाद यह विवाद सोशल मीडिया पर और चर्चा में आ गया है।फिलहाल शाह रुख खान और अनंत अंबानी के बीच हुई बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इस पूरे मामले में कानूनी नोटिस भेजे जाने की स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।


