जबलपुर:संविधान दिवस पर कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, दिग्गज नेताओं ने दिखाई एकजुटता

जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

जबलपुर। संविधान दिवस के अवसर पर जबलपुर में कांग्रेस ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेते हुए भव्य ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला। गोल बाजार से शुरू हुई इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक लखन घनघोरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व सांसद नकुलनाथ और अजय सिंह राहुल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टाउन हॉल पहुंची, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद मार्च का समापन मालवीय चौक पर हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, संवैधानिक अधिकारों और मताधिकार को प्रभावित करने जैसी प्रवृत्तियां लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। नेताओं ने संसद के शीतकालीन सत्र में देरी और संसद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संसद का संचालन सरकार की सुविधा या विधेयक पारित कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि संविधान की भावना के अनुरूप होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। इसी संदेश के साथ कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

बाइट जीतू पटवारी

बाइट लखन गंगोरिया विधायक

बाइट उमंग सिंगार

जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button