जबलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने मासूम बेटी के साथ फांसी लगाकर दी जान, पति पर प्रताड़ना के आरोप
2013 में किया था प्रेम विवाह, परिजनों का आरोप- दूसरी महिला से संबंध बनने के बाद पति करने लगा था प्रताड़ित; गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर की घटना
जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नर्मदा नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 40 वर्षीय महिला अंजना कुशवाहा ने अपनी मासूम बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां और बेटी की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद महिला के मायके पक्ष ने उसके पति मनीष कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, अंजना कुशवाहा ने वर्ष 2013 में मनीष कुशवाहा के साथ प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति के जीवन में दूसरी महिला के आने की बात सामने आई। परिजनों का आरोप है कि मनीष के किसी अन्य महिला से संबंध बन गए थे। इसके बाद से ही वह अंजना के साथ आए दिन विवाद करने लगा और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। थाना प्रभारी गोहलपुर रितेश पांडे ने बताया परिवार का कहना है कि पति की कथित प्रताड़ना और घरेलू विवादों के चलते अंजना लंबे समय से परेशान थी। रोज-रोज के विवाद और मानसिक तनाव से वह इस कदर टूट चुकी थी कि उसने अपनी बच्ची के साथ जिंदगी समाप्त करने जैसा आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाइट दीपिका पटेल परिजन
बाइट रितेश पांडे थाना प्रभारी गोहलपुर
जबलपुर से वाजिद खान की रिकॉर्ड



