इलाज के बहाने 11 महीने तक छात्रा का यौन उत्पीड़न, आरोपी प्रोफेसर-डॉक्टर…
परीक्षा में फेल करने और पांच साल तक एक ही कक्षा में रोकने की धमकी देने का आरोप, शिवाजीनगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बीड (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के बीड शहर से मेडिकल शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉक्टर पर अपनी ही 22 वर्षीय छात्रा का करीब 11 महीने तक यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर इलाज और मेडिकल चेकअप के बहाने उसे बार-बार अस्पताल बुलाता था और जांच के नाम पर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने और किसी को शिकायत बताने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी भी देता था। मामले में शिवाजीनगर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर अनीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।
चेकअप के बहाने करता था दुर्व्यवहार
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह PCOD की समस्या से परेशान थी और इसी सिलसिले में अस्पताल में जांच एवं उपचार के लिए जाती थी। आरोप है कि जनवरी 2026 में मेडिकल जांच के बहाने आरोपी प्रोफेसर डॉक्टर अनीस अहमद ने उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद भी आरोपी ने इलाज और चेकअप के नाम पर उसे कई बार अस्पताल बुलाया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
फेल करने और पांच साल तक रोकने की धमकी
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी की हरकतों का विरोध किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि उसने इस घटना की जानकारी किसी को दी तो उसे परीक्षा में फेल कर दिया जाएगा और अगले पांच साल तक उसी शैक्षणिक वर्ष में रोककर रखा जाएगा। छात्रा का आरोप है कि पढ़ाई और भविष्य खराब होने के डर से वह लंबे समय तक चुप रही।
हिम्मत जुटाकर पुलिस से लगाई गुहार
पीड़िता के मुताबिक, जनवरी 2026 से करीब 11 महीने के दौरान आरोपी ने तीन से चार बार इलाज और जांच के बहाने उसका यौन उत्पीड़न किया। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाई और शिवाजीनगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी डॉक्टर अनीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इस घटना ने मेडिकल शिक्षा संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



