डीएसए-ए डिवीजन लीग : फ्रंटियर की संघर्षपूर्ण विक्ट्री, एमिटी की दूसरी जीत

DSA-A Division League: Frontier's struggling Victory, Amity's second win

नई दिल्ली, 20 मई : डीएसए-ए डिवीजन लीग के एक उतार-चढ़ाव वाले मुकाबले में फ्रंटियर एफसी ने विक्ट्री एफसी को 3-2 से हराकर पूरे अंक अर्जित किए।

 

विजेता के लिए जहां शापूरजी, आनंद कुमार और कुशाग्र कक्कड़ ने और विक्ट्री के लिए जय भारद्वाज और प्रवीण ठाकुर ने गोल किए। नेहरू स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मैच में एमिटी इंडियन नेशनल ने अंकित, हितेश कादियान और साहिल महलावत के गोलों से कॉलेजियस एफसी को 3-2 से हराया।

 

पराजित टीम के लिए गोल शिवेई बनके और पुष्कर देव ने किए। हालांकि, फ्रंटियर ने जहां शापूरजी के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन, कमजोर आंकी जा रही विक्ट्री ने पांच मिनट में पलटवार किया और दनादन दो गोल करके मैच पर 2-1 से पकड़ बना ली।

 

जय भारद्वाज और प्रवीण ठाकुर ने दर्शनीय गोल किए। लेकिन, चार मिनट बाद आनंद कुमार ने हिसाब चुकता कर दिया। 2-2 के स्कोर के चलते फाउल प्ले के लिए विक्ट्री के आदित्य और वीरेंद्र को रेफरी राहुल गुप्ता द्वारा दूसरे पीले कार्ड के साथ लाल कार्ड दिखाया गया और बेहतर खेलने वाली टीम को हार का सामना करना पड़ा।

 

कुशाग्र ने फ्रंटियर का विजयी गोल किया। एमिटी और कॉलेजियन्स के मध्य खेला गया मैच उतार-चढ़ाव वाला रहा। लेकिन, मजबूत कद काठी वाले एमिटी के खिलाड़ियों ने दो बार पिछड़ने के बाद अंततः बाजी मार ली। आखिरी सीटी से चंद सेकेंड पहले साहिल ने दर्शनीय गोल कर अपनी टीम को लगातार दूसरी जीत दिलाई।

Related Articles

Back to top button