सोशल मीडिया पर प्रचार के खर्च को भी प्रत्याशी के व्यय में जोड़ा जाए:व्यय प्रेक्षक‌।

[responsivevoice_button rate="1" pitch="1.0" volume="0.9" voice="Hindi Female" buttontext="Listen This News"]

जिला संवाददाता,विनय मिश्र, देवरिया।

 

देवरिया व्यय प्रेक्षक एम रतन कुमार की अध्यक्षता में लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 का दृष्टिगत पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के नव निर्मित वीवीआईपी भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आज समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में व्यय प्रेक्षक ने कहा कि यदि कोई प्रत्याशी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर प्रचार प्रसार करने के लिए कोई प्रमोशनल स्कीम लेता है तो उसका खर्च भी प्रत्याशियों के व्यय में जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रचार का परिदृश्य बदल गया है। अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर खर्च करके प्रत्याशी अपना प्रचार कर रहे हैं।

व्यय प्रेक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को अधिक सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। चुनाव के दृष्टिगत किसी भी तरह की अफवाह दिखे तो उसे तत्काल रिटर्निंग ऑफिसर की संज्ञान में लाये। हेट स्पीच एवं पेड न्यूज को चिन्हित कर नियमानुसार करवाई सुनिश्चित की जाए।

व्यय प्रेक्षक ने अग्रणी जिला प्रबंधक अरुणेश कुमार से दो लाख से अधिक के बैंक ट्रांजेक्शन का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दो लाख से अधिक के लेनदेन पर निगाह रखे और दस लाख रुपये के प्रत्येक ट्रांजेक्शन की सूचना आयकर विभाग को अनिवार्य रूप से दी जाए। आयकर विभाग एवं निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण टीम सुनिश्चित करे कि बड़ी धनराशि का प्रयोग मतदाताओं को प्रभावित करने में न हो। ।

व्यय प्रेक्षक ने एफएसटी तथा एसएसटी को अधिक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी एफएसटी वाहनों में अनिवार्य रूप से जीपीएस लगाया गया है, जिसकी मॉनिटरिंग इलेक्शन कंट्रोल रूम से हो रही है। एफएसटी के सदस्य शिफ्ट की समाप्ति के पश्चात अगले शिफ्ट के सदस्यों के आने की प्रतीक्षा करें। जैसे-जैसे मतदान की तिथि निकट आ रही है, प्रत्येक संदिग्ध वाहन की जांच की जाए। जांच करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग हो और लोगों को असुविधा न हो। व्यय प्रेक्षक ने आबकारी अधिकारी, जीएसटी, बैंक व आयकर के नोडल अधिकारियों को जांच बढ़ाने व अवैध लेन-देन, शराब के अवैध वितरण आदि पर प्रतिबन्ध लगाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय, जिला सूचना अधिकारी शांतनु श्रीवास्तव, वित्त एवं लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा अबरार आलम, वित्त एवं लेखाधिकारी स्वास्थ्य विभाग दिव्या प्रधान, आबकारी निरीक्षक मनीष कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।

 

निर्वाचन व्यय का तृतीय मिलान 29 को

 

रिटर्निंग ऑफिसर 66-देवरिया लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि निर्वाचन व्यय का तृतीय मिलान 29 मई को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के नवनिर्मित वीवीआईपी भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगा। उक्त मिलान में सभी प्रत्याशियों अथवा उनके द्वारा अधिकृत प्रतिनिधियों का उपस्थित होना अनिवार्य है। निर्वाचन व्यय का मिलान प्रातः दस बजे से सायं पांच बजे के मध्य किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button