बंगाल : पुलिस हिरासत से रिहा हुए युवक की मौत के बाद लोगों ने काटा बवाल

Bengal: People rioted after the death of a youth released from police custody

कोलकाता, 9 जुलाई: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के धोलाहाट में मंगलवार को उस समय तनाव फैल गया जब कुछ दिनों पहले ही जमानत पर बाहर आए युवक की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने पुलिस थाने के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय अबू सिद्दीक हलदर नामक युवक की सोमवार देर रात मौत हो गई।

 

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक युवक की मौत पुलिस हिरासत में पिटाई के कारण लगी चोटों के कारण हुई है।

 

मृतक के पिता ने जिला पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में इसकी लिखित शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि ढोलाहट थाने के पुलिसकर्मियों ने हिरासत में पीड़ित की पिटाई की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

 

इस घटना से गुस्साए सैकड़ों स्थानीय लोग मंगलवार सुबह पुलिस स्टेशन पर जमा हो गए। विरोध प्रदर्शन करने वालों में ज्यादातर महिलाएं थीं। एक समय ऐसा आया जब भीड़ काफी आक्रामक हो गई और उसने पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश की। वहां मौजूद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

 

जानकारी के मुताबिक पीड़ित को 30 जून को आभूषण चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान पुलिस ने उसे कई बार पीटा, जिसका सबूत 4 जुलाई को जिला अदालत में पेश किए जाने के दौरान उसके शरीर पर लगी चोटों से मिलता है।

 

उस दिन उसे जमानत दे दी गई और उसे स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया, जहां कुछ प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया।

 

पीड़ित की मां तस्लीमा बीबी ने दावा किया कि घर वापस आने पर उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे उपचार के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

 

हालांकि, सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई और मंगलवार सुबह इसकी जानकारी सामने आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने थाने के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 

रिपोर्ट दर्ज होने तक मामले में जिला पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

Related Articles

Back to top button