लालू यादव के डीएनए में लूट, डकैती, आगजनी और फिरौती, यही उनका 'रोजगार मॉडल' : गिरिराज सिंह
[ad_1]
गया, 2 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव के डीएनए में लूट, डकैती, दुष्कर्म, आगजनी और फिरौती है, यही उनका ‘रोजगार मॉडल’ है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने गया में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “लालू यादव ने अपने बेटे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने को लेकर छपरा में कहा कि इनको सीएम बनाओगे तो बिहार में जगमग होगा। उन्होंने कई बातें बताई, लेकिन असली बात नहीं बताई। प्रदेश के लोगों को मालूम है कि उनके राज में नवदंपति को वाहन से उतारकर वाहन ले लिया जाता था। उनका विकास का मॉडल यही होगा। लालू यादव अपने डीएनए पर अपने बेटे को लॉन्च करना चाहते हैं, क्योंकि उनके बेटे की तो राजनीति में कोई कमाई नहीं है।”
उन्होंने कहा कि बिहार में अब डबल इंजन की सरकार है। पहले उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने के लिए एक पुल था, लेकिन आज 17 पुल हो गए हैं। आज बदलता हुआ बिहार है। सड़कों का जाल हो गया है। बिजली की उपलब्धता है। गया में आने वाले दिन में टेक्सटाइल एक नया रूप लेगा। बिहार अब बढ़ता हुआ बिहार होगा। लालू यादव का मॉडल बिहार का कोई नौजवान नहीं अपनाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने ‘शोले’ फिल्म के एक चर्चित डायलॉग की तुलना करते हुए कहा कि अब बिहार के लोग कहेंगे कि बेटा गलत वोट मत देना, नहीं तो फिर लालू मॉडल आ जाएगा। तेजस्वी यादव के एक बयान पर उन्होंने कहा कि यह खटारा नहीं है। वे तो बैलगाड़ी वाले हैं, गाड़ी देखी ही नहीं। यह नीतीश वाली सोच और पीएम नरेंद्र मोदी की सपोर्ट वाली सरकार है। बिहार में सड़कों का जाल बिछ गया है। लोग धकाधक चल रहे हैं और फटाफट काम कर रहे हैं। बिहार की जनता अब लालटेन युग में नहीं रहेगी, उजाले में है और उजाले में रहेगी।
भाजपा के नेता ने कहा कि अभी एनडीए की सरकार है और अगले विधानसभा चुनाव में एनडीए की ही सरकार बनेगी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ा जाएगा।
–आईएएनएस
एमएनपी/एएस
[ad_2] Disclaimer : ऑटो फ़ीड्स द्वारा यह न्यूज़/समाचार स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। hindektatimes.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन इस न्यूज़/समाचार में नहीं किया गया है। इस न्यूज़/समाचार की एवं इसमें उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की हैद्य न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है।
इनपुट. आईएएनएस के साथ