राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मेहरौना में लगेगा सौर ऊर्जा संयंत्र।

जिला संवाददाता, विनय मिश्र।
देवरिया,जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, मेहरौना में शैक्षणिक गुणवत्ता तथा विद्यालय में ढांचागत सुधार करने के लिए विशेष पहल की है। उन्होंने कहा है कि विद्यालय में शैक्षणिक परिवेश को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
जिलाधिकारी ने निदेशक, समाज कल्याण निदेशालय को पत्र लिखकर स्वीकृत पदों के सापेक्ष अध्यापकों के तैनाती की अनुशंसा की है। इस आवासीय सुविधा युक्त विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक कक्षायें संचालित है, जिसके क्रम में प्रवक्ता के लिए स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष एक तथा सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) के स्वीकृत 10 पदों के सापेक्ष 3 पदों पर ही तैनाती है, जिसके कारण विद्यालय में पठन-पाठन की कार्यवाही प्रभावित है। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 341 छात्र विद्यालय में पंजीकृत हैं।
इसी प्रकार जिलाधिकारी ने विद्यालय में ढांचागत सुधार की दिशा में भी पहल की है। उन्होंने विद्यालय को 60 किलोवाट की बैटरी से युक्त सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए शासन को पत्र लिखा है। सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के बाद विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी जिससे उन्हें अध्ययन में सुविधा होगी। उल्लेखनीय है कि गत 5 अगस्त को विद्यालय में फूड प्वाइजनिंग की घटना हुई थी, जिसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया था। विद्यालय के छात्रों ने डीएम से स्वीकृत पदों के सापेक्ष अध्यापकों के तैनाती करने तथा विद्युत आपूर्ति को बेहतर करने की मांग की थी।



