अज्ञात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
घटना के बाद परिवार में मचा रहा कोहराम मृतक की पत्नी का रो-रोकर रहा बुरा हाल

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन रोड पर शुक्रवार को एक मजदूर को अज्ञात बाइक सवार ने जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसके चलते मजदूर की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के जमुनीपुर कॉलोनी निवासी महफूज आलम
(32 वर्ष) पुत्र मास्टर नसीम सिविल लाइन रोड पर स्थित केबी एक्सपोर्ट में कालीन का रंग कटा बनाने का काम करते थे। शुक्रवार को वें जुमा की नमाज पढ़ने के लिए कंपनी के पास में ही एक मस्जिद में गए। नमाज अदा कर वें कंपनी में वापस आए और खाना खाया। इसी बीच उनके मोबाइल पर उनकी पत्नी का कॉल आया। तभी वें साइकिल से घर जाने के लिए निकल पड़े। जैसे ही महफूज सिविल लाइन रोड पर स्थित पावर हाउस के पास पहुंचे ही थे कि तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसके चलते वें गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार भाग गया। इसकी जानकारी जैसे ही कंपनी में काम करने वाले अन्य मजदूरों को लगी तो वह घायल महफूज को इलाज के लिए आनन-फानन में ऑटो रिक्शा से लेकर महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कंपनी में उनके साथ काम करने वाले परवेज द्वारा घटना की सूचना परिजनों के साथ ही पुलिस को दी गई। जानकारी होते ही परिजन रोते-बिलखते एमबीएस अस्पताल में पहुंचे। जहां पर उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक को दो बच्चे हैं। पुत्र 5 साल व पुत्री दो वर्ष की है।



