2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हम सभी करें योगदान: सांसद
कलेक्ट्रेट में डीएम ने ध्वजारोहण, वृक्षारोपण कर शहीद परिजनों को किया सम्मानित

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। गणतंत्र दिवस की 76वें वर्षगाठ जनपद में गरिमापूर्ण ढ़ंग से, बड़े धूमधाम एवं भव्यता के साथ मनाई गई। जनपद के सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीयता पर आधारित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेलकूद का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डीएम विशाल सिंह ने कलेक्ट्रेट पर ध्वजारोहण किया और भारतीय संविधान के संकल्प को पढ़कर दुहरवाया। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर, दी सेन्ट्रल बार एसोशिएशन पर भी ध्वजारोहण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित किया। इस अवसर पर जवाहर नवोदय के छात्र-छात्राओं द्वारा शास्त्रीय धुनों पर राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान व देशभक्ति परक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डीएम ने कहा कि आज सारा देश गणतंत्र दिवस की 76 वीं वर्षगाठ मना रहा है। भारतीय संविधान का निर्माण भारतवासियों को न्याय, विचार, मत, विश्वास, धर्म की स्वतन्त्रता, पद और अवसर की समानता, व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्रीय एकता और बन्धुत्व प्रदान करने के लिए हुआ था। उन्होने बताया कि भारत सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न राष्ट्र है। इस अवसर पर उन्होने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति आन्तरिक अनुशासन में रहकर ही सही दिशा में कार्य कर देश के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति को मिले, सौपे गये दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करे। उन्होंने जनपद के शहीद व बलिदानियों के परिजनों-शहीद शीतल पाल की पुत्रवधु मनराजी देवी व डॉ.राम दुलारे पाल,शहीद पारसनाथ मौर्य के पुत्र कुंवर प्रमोद चन्द्र मौर्य, शहीद झूरी सिंह के पौत्र रामेश्वर सिंह को अंगवस्त्रम पहनाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उल्लेखनीय योगदान करने वाले छात्र-छात्राओं व अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। जिला स्टेडियम से देवनाथपुर तक क्रांस कंट्री प्रतियोगिता के विजेताओं एवं प्रभात फेरी निकालने वाले एनसीसी कैडेटों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।



