आजमगढ़:जलजमाव से लोग बेहाल, सड़क बनी तालाब, जिम्मेदार बेखबर
People are suffering due to waterlogging in Phulvariya market, road has become a pond, responsible people are unaware

रिपोर्ट:सुमित उपाध्याय
आजमगढ़, 3 अगस्त: अहिरौला ब्लॉक – पारा फुलवरिया बाजार में इन दिनों सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। नालियों की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की सी बारिश होते ही मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे पूरा बाजार क्षेत्र तालाब में तब्दील हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि वर्षों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के चलते यह स्थिति बनी हुई है। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान तक पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं ग्राहक भी कीचड़ और गंदे पानी के चलते बाजार आने से कतराते हैं, जिससे व्यापार पर भी सीधा असर पड़ रहा है।रोजमर्रा के आने-जाने वाले राहगीर, खासकर स्कूली बच्चे और बुजुर्ग, जलजमाव के कारण फिसलन और गंदगी से परेशान हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन आज तक नाली निर्माण या जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही फुलवरिया बाजार में पक्की नालियों का निर्माण कराया जाए और सड़क की मरम्मत के साथ-साथ जल निकासी की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।



