आजमगढ़:NDPS, पॉक्सो और रेप व नशे की गोलियां देकर चोरी का आरोप,8 मुकदमों वाला होमगार्ड 20 साल तक करता रहा ड्यूटी,अब हुआ निलंबित
8 मुकदमों वाला होमगार्ड 20 साल तक करता रहा ड्यूटी, अब हुआ निलंबित

आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाने में तैनात होमगार्ड निरंकार राम पर NDPS एक्ट, पॉक्सो एक्ट, रेप और चोरी समेत कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से छह मुकदमे उसी थाने में दर्ज हुए हैं, जहां वह वर्ष 2001 से ड्यूटी कर रहा था। इसके बावजूद वह न केवल सेवा में बना रहा, बल्कि अपने मुकदमों की पैरवी भी करता रहा।दामोदरपुर गांव निवासी निरंकार राम पर 2003 में पहला मुकदमा भटनी जीआरपी थाने में NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ था। आरोप था कि वह नशे की गोलियां और लड्डू देकर यात्रियों का सामान चोरी करता था। 2003 से 2017 के बीच उसके खिलाफ चोरी, रेप, पॉक्सो और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होते रहे।
अपराधिक पृष्ठभूमि के चलते उसे पहले निलंबित किया गया और बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। कोर्ट के आदेश पर तत्कालीन कमांडेंट डीएन सिंह ने 26 अक्टूबर 2021 को उसकी सेवा बहाल कर दी। तीन मामलों में उसे कोर्ट से बरी किया जा चुका है, जबकि बाकी मामलों में ट्रायल जारी है।
यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मेंहनगर थाने में तैनात होमगार्ड नंदलाल यादव उर्फ नकदू भी गैंगस्टर एक्ट के बावजूद 35 साल तक ड्यूटी करता रहा था।
एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए निरंकार राम के मामले की जानकारी मिली थी। उसके खिलाफ पहले ही कार्रवाई शुरू कर कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। वह पिछले एक महीने से निलंबित है और ड्यूटी पर नहीं है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



