Azamgarh News: आजमगढ़ में पुराने कुएँ में गिरने से युवक की मौत,फायर ब्रिगेड ने चलाया देर रात रेस्क्यू अभियान

मुबारकपुर ,आजमगढ़
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गहरे कुएँ में गिर गया और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना पाकर मुबारकपुर थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बीच फायर विभाग की टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों और उपकरणों की मदद से शव को कुएँ से बाहर निकाला गया।मृतक की पहचान मन्नू यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात किसी तरह गांव में स्थित पुराने और काफी गहरे कुएं में गिर गया था। ग्रामीणों को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने कुएँ के पास किसी के गिरने की आवाज सुनी।रेस्क्यू के दौरान मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और फायर ब्रिगेड टीम के प्रयासों की सराहना की गई। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब यह जांच करने में जुटी है कि युवक किस परिस्थिति में कुएँ में गिरा।



