जिलाधिकारी आज़मगढ़ का निर्देश,पेंशनरों की शिकायतों का मौके पर होगा निस्तारण
17 दिसम्बर को मनाया जाएगा पेंशनर दिवस, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दी कड़ाई से पालन की हिदायत

आजमगढ़ 10 दिसम्बर– जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया है कि राज्य सरकार के पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं की जनपद स्तर पर सुनवाई एवं निराकरण हेतु प्रति वर्ष 17 दिसम्बर को पेंशनर दिवस को प्रभावकारी एवं सार्थक रूप से पूरे प्रदेश में आयोजित किये जाने का निर्देश दिये गये है। विभिन्न पेंशनर संगठनों द्वारा सामान्यतया इस आशय की शिकायत की गयी है कि पेंशन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रायः विभिन्न कार्यालयों के वरिष्ठ अधिकारीगण प्रतिभाग नहीं करते है, जिससे न केवल पेंशनरों की समस्याओं के निस्तारण में कठिनाई हो रही है, अपितु पेंशनर दिवस आयोजित किये जाने के उद्देश्य की पूर्ति नहीं हो पा रही है। शासनादेश में पेंशनर दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यालयाध्यक्षों को उपस्थित रहने एवं पेंशनरों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु कार्यवाही सुनिश्चित की जाने के निर्देश दिये गये हैं।जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्ष को निर्देशित किया है कि अपने-अपने कार्यालय से सम्बन्धित पेंशनरों की समस्याओं का निस्तारण करते हुये कार्यक्रम में स्वयं प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।
उक्त कार्यक्रम दिनांक 17.12.2025 को प्रातः 11 बजे हरिऔध कला भवन आजमगढ़ में जिलाधिकारी अथवा जिलाधिकारी द्वारा नामित अपर जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पादित किया जायेगा।



