Azamgarh news :आर्थिक रूप से संपन्न परिवार के युवक ने की आत्महत्या, वजह अज्ञात
आर्थिक रूप से संपन्न परिवार के युवक ने की आत्महत्या, वजह अज्ञात

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
रौनापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांखभार ग्राम पंचायत के भोजपुर गांव में रविवार रात एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पिंटू यादव पुत्र मुन्नीलाल यादव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम धान की कुटाई के बाद पिंटू यादव बाजार से मछली लेकर घर आया था। उसने अपनी पत्नी सरिता के साथ भोजन तैयार किया और दोनों ने साथ में खाना खाया। रात करीब 12 बजे पिंटू ने पत्नी से पेट खराब होने की बात कहते हुए शौच के लिए बाहर जाने की बात कही, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पत्नी ने सोचा कि वह किसी काम से कहीं चला गया होगा और सो गई।
सोमवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने घर से पश्चिम दिशा में लगभग 100 मीटर दूर आम के पेड़ पर गमछे के सहारे पिंटू का शव लटकता देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया। पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पहुंची दाम महुला पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।मृतक पिंटू यादव अपने पिता से काफी समय से अलग रह रहा था। वह तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र तीन साल और दूसरी मात्र तीन महीने है। पिंटू पेशे से मकान की शटरिंग का काम करता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था।ग्रामीणों के अनुसार, पिंटू का किसी से कोई विवाद या लेन-देन का मामला नहीं था। परिवार आर्थिक रूप से भी संपन्न था और खेती-बाड़ी भी अच्छी थी। ऐसे में आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। सुबह घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई।



