Azamgarh news:राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में 30 जनवरी 2026 को मेगा जॉब फेयर का आयोजन
Azamgarh News: Mega Job Fair to be organised at Government Engineering College on 30 January 2026

सत्येन्द्र सिंह लालगंज आजमगढ़
लालगंज/ आजमगढ़:राजकीय इंजीनियरिंग कालेज नाऊपुर देवगांव द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को कॉलेज परिसर में एक दिवसीय जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में बुधवार को कालेज परिसर में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।जिसमें आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की गई।पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो बी के त्रिपाठी ने बताया कि जॉब फेयर में देश की प्रतिष्ठित कंपनियाँ एवं उद्योग समूह भाग लेंगे, जो इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट एवं अन्य तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों का प्रत्यक्ष साक्षात्कार लेकर उन्हें रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करेंगे ।कुलसचिव डॉ अम्बरीष सिंह ने बताया कि यह जॉब फेयर न केवल राजकीय इंजीनियरिंग कालेज नाऊपुर देवगांव के विद्यार्थियों के लिए, बल्कि आसपास के अन्य तकनीकी संस्थानों के छात्र-छात्राओं के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाना,उद्योग–संस्थान समन्वय को सशक्त करना तथा क्षेत्रीय स्तर पर कौशल आधारित रोजगार को बढ़ावा देना है।पत्रकार वार्ता के दौरान ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर विशाल कुमार ने बताया कि जॉब फेयर के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पंजीकरण, साक्षात्कार कक्ष, तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन डेस्क की समुचित व्यवस्था की गई है। कालेज प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से क्षेत्र के योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने बायोडाटा एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ जॉब फेयर में प्रतिभाग करें और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं।



