Azamgarh news:रोजगार मेला का हुआ सफल आयोजन
Azamgarh news: Employment fair successfully organised

सत्येन्द्र सिंह लालगंज आजमगढ़
लालगंज/आजमगढ:राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (आरईसी), आजमगढ़ परिसर में शुक्रवार को रोज़गार मेला (जॉब फेयर–2026) का सफल आयोजन किया गया। इस रोज़गार मेले का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. बी. के. त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्वलित कर व माता सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. बी. के. त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले विद्यार्थियों को उद्योग जगत से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।इससे छात्रों को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ उद्योगों की अपेक्षाओं को समझने का भी अवसर मिलता है। उन्होंने संस्थान द्वारा किए जा रहे प्लेसमेंट एवं कौशल विकास प्रयासों की सराहना की।रोजगार मेले का संचालन करते हुए संस्थान के कुलसचिव डॉ. अम्बरीष सिंह ने संस्थान के एक दशक से अधिक समय के विकास यात्रा को सभी से साझा करते हुए बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्रत्यक्ष साक्षात्कार एवं चयन का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने उद्योग जगत से आए प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करता रहेगा।ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर श्री विशाल कुमार ने बताया कि इस रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की, जिनमें प्रमुख रूप से लेंसकार्ट, कोजेंट सर्विसेज लिमिटेड, सफायर वेब, सिग्निटी कॉर्पोरेट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, द हाइ टेक गियर्स प्राइवेट लिमिटेड, इंटरनेशनल ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स लिमिटेड सहित 11 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। रोजगार मेले में 16 संस्थानों के लगभग 400 से अधिक विद्यार्थियों ने इस रोजगार मेले में भाग लिया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत तकनीकी एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए। इन कंपनियों द्वारा लगभग 150 से अधिक विद्यार्थियों को जॉब ऑफर प्रदान किए गए। इस आयोजन को लेकर संस्थान के साथ ही आस पास के क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा गया।कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के कुलसचिव डॉ अम्बरीष सिंह ने सभी सहभागिता करने वाली कंपनियों, अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को अत्यंत सफल बताया। संस्थान में रोजगार मेला के आयोजन में आयोजन समिति में शामिल शिक्षकों डॉ कौशल शुक्ला, डॉ अनीश कुमार, श्री चैतन्य निधि, श्री विपिन महादेवन, श्री अमित भास्कर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों छात्राओं ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।



