Azamgarh News: लालगंज–भीरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालगंज–भीरा मार्ग पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मेहरो जगदीशपुर निवासी जय प्रकाश राय अपनी पत्नी रंजू राय (42 वर्ष) को बाइक से सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, लालगंज दवा दिलाने ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही दंपती फोरलेन चौराहे से भीरा मार्ग की ओर मुड़े, तभी बगल से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठी रंजू राय ट्रक के नीचे आ गईं और मौके पर ही कुचलकर उनकी मौत हो गई, जबकि उनके पति जय प्रकाश राय बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची देवगांव कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया तथा ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका के पास एक 17 वर्षीय पुत्र है। मृतका का मायका गंभीरपुर थाना के मुडहर गांव में है घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष और ससुराल पक्ष से लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक की लहर व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button